भोपाल। प्रदेश में 19 साल से बंद सड़क परिवहन निगम के स्थान पर अब राज्य सरकार नए सिरे से यात्री परिवहन सेवा शुरू करने जा रही है। इसको लेकर बुधवार को सीएम डॉ मोहन यादव ने समत्व भवन में मुख्य सचिव अनुराग जैन, परिवहन विभाग के एसीएस एसएनस मिश्रा समेत अन्य अधिकारियों की बैठक ली।
सीएम ने इस मुद्दे को अगली कैबिनेट बैठक में लाने के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि कैबिनेट बैठक में इस पर मुहर लगन के बाद जनवरी 2025 में इसकी शुरुआत हो जाएगी।
बैठक में मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में नवीन यात्री बस सेवा के संचालन में यात्री सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए। ग्रामीण क्षेत्र के यात्रियों की आवश्यकता और इंटर सिटी मार्गों के महत्व को ध्यान में रखते हुए बसों का संचालन किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टिकट बुकिंग, बस ट्रैकिंग जैसे टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म के सभी लाभ यात्रियों को सरलता से प्राप्त हों, इसका विशेष रूप से ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने कहा कि जो बस ऑपरेटर परमिट में तय नियम शर्तों का पालन नहीं कर रहे हैं, उन पर कार्रवाई की जाए। सीएम ने कहा कि यात्री सुविधा पर पूरी तरह से फोकस किया जाए। बसों की ट्रैकिंग करने का काम भी किया जाए ताकि लोगों को दिक्कत न हो।