मन्दसौर। बर्फीली हवाओं की वजह से कंपकंपाने वाली ठंड पड़ रही है। पिछले पांच दिनों में पारा 4 डिग्री लुढ़का है। मंगलवार को जिले में तेज ठंड रही। न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री तक पहुंच गया। दिन के तापमान में भी गिरावट रही। अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री रहा। मौसम विभाग की माने तो अगले 4 से 5 दिन ऐसा ही मौसम बना रहेगा।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया, इस समय पश्चिम-उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव है। वहीं, 12.6 किमी की ऊंचाई पर 240 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं भी चल रही हैं। इन दोनों सिस्टम की वजह से प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
मौसम का ट्रेंड बदला-
दिसंबर की सर्दी ने अबकी बार ट्रेंड बदल दिया है। पिछले 10 साल का रिकॉर्ड और ट्रेंड देखे तो दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में कड़ाके की ठंड पड़ती रही है, लेकिन इस बार पहले ही पखवाड़े में तेज सर्दी का असर है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में बर्फ गिरने से सर्दी बढ़ी है। यहां जेट स्ट्रीम हवाएं भी तेजी से बह रही हैं। जिसका असर प्रदेश में देखने को मिल रहा है।