इंदौर। स्वाति सोलंकी ने मप्र राज्य सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन स्पर्धा में दो वर्गाे के फाइनल में जगह बनाई। धार की ऐश्वर्या मेहता भी दो वर्गों के फाइनल में हैं। इंदौर के चोइथराम खेल परिसर बैडमिंटन हॉल में हो रही स्पर्धा में इंदौर की स्वाति सोलंकी तीनों वर्गों के सेमीफाइनल में खेलीं। महिला एकल सेमीफाइनल में दूसरे क्रम की स्वाति सोलंकी ने उज्जैन की भूमिका वर्मा को 40 मिनट में 21-16,21-19 से हराया। स्वाति सोलंकी ने क्वार्टर फाइनल में भोपाल की अवंतिका पांडे को 21-18,14-21,21-10 से एक घंटे 7 मिनट में पराजित किया।
इंदौर की अनुष्का शाहपुरकर ने क्वार्टर फाइनल में संयुक्त तीसरे -चौथे क्रम की यशवी भोकेद्रोंकर को 21-19,21-11 से हराकर उलटफेर किया। अनुष्का शाहपुरकर सेमीफाइनल में ऐश्वर्या मेहता से 18-21,13-21 से पराजित हुईं। ऐश्वर्या मेहता ने क्वार्टर फाइनल में पहले क्रम की भोपाल की अनिशा वासे को 21-16,21-12 से और भूमिका ने केया चंदानी को 9-21,21-12,22-20 से हराया। मिश्रित युगल के सेमीफाइनल में धार के यश रायकवार और इंदौर की स्वाति सोलंकी ने अभिमन्यु सिंह और आशिता दुबे को 21-18, 21-14 से हराया। अनुज काले और प्रणिका होल्कर ने अनस मोहम्मद शेख और यशवी भोकेद्रोंकर को 21-12, 21-10 से पराजित किया। महिला युगल के सेमीफाइनल में पहले क्रम की ऐश्वर्या मेहता और प्रियंका पंत ने स्वाति सोलंकी और गौरी चित्ते को 53 मिनट में 21-23, 21-12, 21-12 से हराया।