नीमच। साक्षरता अभियान केवल अक्षरों की पहचान तक सीमित ना हो, बल्कि लोग इतना तो पढ़ ले कि वह अपने हक और अधिकार के बारे में जान सके। शासन की योजनाओं की जानकारी हो। लोग साइबर और ऑनलाइन ठगी का शिकार ना हो। तभी साक्षरता अभियान की सार्थकता होगी।
यह बात नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने रोटरी क्लब द्वारा आयोजित अक्षर पोथी एवं साइकिल वितरण समारोह में कही। कार्यक्रम का आयोजन रोटरी हॉल में एडल्ट लिटरेसी प्रोगाम के तहत किया गया था। आज के कार्यक्रम में टीचर सपोर्ट के अंतर्गत सात स्कूलों के प्राचार्य को टीचर ट्रेंनिंग किट दिए गए। एक हजार अक्षर पोथी निरीक्षरों को साक्षर बनाने हेतु प्रदान की गई और चार छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरण किया गया।
बताते चलें कि रोटरी इंडिया लिटरेसी मिशन के टीच प्रोग्राम के अंतर्गत 1 जुलाई 2024 से अभी तक दो लाख 26165 टीचर्स को एजुकेशन सपोर्ट, 27368 ई लर्निंग की स्कूलों में स्थापना, 120656 प्रौढ़ शिक्षा के अंतर्गत साक्षर, 50541 चाइल्ड डेवलपमेंट के कार्यक्रम स्कूलों में आयोजित किए गए और 3112 हैप्पी स्कूल बनाए गए। कार्यक्रम के प्रारंभ में सुरेश सोडानी द्वारा रोटरी चतुर्दिक मंत्र का वाचन किया गया। स्वागत भाषण रोटरी क्लब नीमच के अध्यक्ष शरद जैन ने दिया। कार्यक्रम को डीएलसी डॉ रेनू सिंह और पूर्व डिस्टिक गवर्नर डॉक्टर नलिनी लंगर ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में यजुवेंद्र भाटिया, दिलीप व्यास और प्रवीण शर्मा भी मंचासीन रहे। संचालन पुरुषोत्तम गुप्ता ने किया।