भोपाल। मध्य प्रदेश में शीतलहर का कहर कायम है। इसी बीच मौसम विभाग ने इंदौर, जबलपुर समेत 37 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। बर्फीली हवाओं के चलते मध्यप्रदेश का तापमान लगातार लुढ़कता जा रहा है। सीजन में पहली बार हिल स्टेशन पचमढ़ी और शहडोल के कल्याणपुर में पारा 1 डिग्री पर पहुंचा। इधर बैतूल में ठंड से अब लोग परेशान हो रहे हैं। सोमवार सुबह फसलों पर ओस की बूंदें जम गई। इसका वीडियो भी सामने आया है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत की ओर से आ रही बर्फीली हवाओें के चलते प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बीते 24 घंटे के दौरान सबसे कम तापमान हिल स्टेशन पचमढ़ी और शहडोल के कल्याणपुर में 1 डिग्री दर्ज किया गया। इसके साथ राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस पर रहा। जबलपुर में 4, ग्वालियर में 5.2, इंदौर में 9.4 उज्जैन में 6.8 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
प्रदेश के सबसे कम तापमान वाले शहरों में शहडोल के कल्याणपुर और पचमढ़ी की रात सबसे ठंडी रही। इसके साथ ही उमरिया में 2.3 डिग्री, मंडला में 2.5 डिग्री, शाजापुर में 2.8 डिग्री और अमरकंटक में 3.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बैतूल में ठंड का कहर देखने को मिल रहा है। यहां फसलों पर ओस की बूँदें जम गई। जिसका वीडियो भी सामने आया है। जिसमें गन्ने की पत्तियों पर ओस जमी हुई दिखाई दे रही है। ऐसे में खेतों में सिंचाई करना मुश्किल हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार वर्ष 2021 के बाद इस वर्ष तापमान में रिकार्ड गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। शाजापुर, आगर-मालवा, राजगढ़, सीहोर, रायसेन, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर और मंडला में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल, जबलपुर में भी शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट है। नीमच, मंदसौर, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, शिवपुरी, मुरैना, भिंड, छतरपुर, पन्ना, सतना, सिंगरौली, कटनी, डिंडौरी, पांढुर्णा, सिवनी और बालाघाट में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी है। इसके साथ ही उमरिया, मंडला, शाजापुर का गिरवर, अनूपपुर का अमरकंटक, रायसेन, राजगढ़, बालाघाट के मलाजखंड में भी पारा 5 डिग्री से नीचे रहा। नौगांव, मलाजखंड, रीवा, खजुराहो, सतना, टीकमगढ़ में तापमान 6 डिग्री के नीचे दर्ज किया गया।