इंदौर। श्री कान्यकुब्ज विद्या प्रचारिणी सभा ने अखिल भारतीय सर्व ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन रविवार को नृसिंह वाटिका पर आयोजित किया। इसमें देशभर के 1300 से अधिक युवक-युवतियों ने मंच से परिचय दिया। इसमें 38 रिश्ते तय होने का दावा किया गया, वहीं 200 से ज्यादा रिश्तों पर बात शुरू हुई है।
सम्मेलन में मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश,आंध्र प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, बंगाल,देहरादून, छत्तीसगढ़ सहित पूरे देशभर के विभिन्न राज्यों से 1300 से अधिक युवक - युवतियों ने मंच से परिचय देकर जीवनसाथी को लेकर अपनी पसंद बताई।
हाईटेक परिचय सम्मेलन में डॉक्टर,अधिकारी, पुलिस, इंजीनियर,सहित अन्य युवक- युवतियों ने मंच पर आकर शिक्षा के साथ पारिवारिक स्थिति की जानकारी भी साझा की। मंच पर परिचय देने के बाद युवक - युवतियों के परिजनों ने आपस में चर्चा की। शाम 6 बजे तक 38 रिश्ते तय हुए और तकरीबन 200 से ज्यादा रिश्तों पर चर्चा चली।
भारतीय संस्कृति और हिंदू एकता की झलक दिखी
समाज के अध्यक्ष पं. संजय शुक्ला, प्रधानमंत्री पं. अनूप बाजपेई अन्नू और कार्यक्रम प्रभारी पं. प्रकाश बाजपेई ने बताया कि सर्व ब्राह्मण परिचय सम्मेलन में भारतीय संस्कृति और हिंदू एकता की झलक दिखी। सम्मेलन में आने वाले युवक युवती और समाज जनों को तिलक लगाकर भगवा टुपट्टा पहनाया। सम्मेलन का शुभारंभ युवतियों ने दीप प्रज्वलन करके वेद मंत्रों के बीच किया। बहुरंगी स्मारिका का विमोचन हुआ, स्मारिका में सभी युवक युवतियों की जानकारी प्रकाशित की गई।