रतलाम। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल पर पेंशन से संबंधित शिकायतों को दूर करने के लिए 16 दिसम्बर 2024 को अपर मंडल रेल प्रबंधक अशफाक अहमद की अध्यक्षता में पेंशन अदालत का आयोजन किया गया।
रेलवे पेंशनर और पारिवारिक पेंशनरों से पूर्व में आवेदन मांगे गए थे। इस पेंशन अदालत में निर्धारित तिथि तक कुल 21 आवेदन तथा पेंशन अदालत वाले दिन 13 आवेदन प्राप्त हुए। सभी 34 आवेदनों का निपटारा किया गया। इस दौरान कर्मचारियों को और पारिवारिक पेंशनरों को वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अरीमा भटनागर द्वारा रेलवे के नियम की जानकारी प्रदान की गई।
अपर मंडल रेल प्रबंधक अशफाक अहमद ने उपस्थित सभी रेलवे पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों को आश्वासन दिया कि केवल पेंशन अदालत में ही नहीं बल्कि अन्य कार्य दिवस में भी पेंशनरों की समस्या पर कार्मिक विभाग और लेखा विभाग द्वारा पूर्ण सहयोग किया जाएगा। पेंशन अदालत में करीब 60 रेलवे पेंशनर और पारिवारिक पेंशनर वरिष्ठ नागरिक उनके प्रतिनिधि, बैंक कर्मी उपस्थित रहे। सौहार्दपूर्ण तरीके से पेंशन अदालत संपन्न हुई।
इस अवसर पर अपर मंडल प्रबंधक अशफाक अहमद, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अरीमा भटनागर, अंकित सोमानी वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक सहायक कार्मिक अधिकारी भाग राम मीणा के अतिरिक्त कार्मिक एवं लेखा विभाग के संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।