भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र का आज तीसरा दिन है। आज सदन में अनुपूरक बजट पर चर्चा होगी। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने मंगलवार को 2024-2025 के लिए 22 हजार 460 करोड़ का अनुपूरक बजट पेश किया था। बजट पर चर्चा के लिए 4 घंटे का समय तय किया गया है। वहीं तीसरे दिन विपक्ष फिर से हंगामा कर सकता है। प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लेकर विपक्ष श्वेत पत्र जारी करने की मांग कर रहा है। कल भी हाथ में कटोरा लेकर कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा में गांधी प्रतिमा के साथ प्रदर्शन किया था।
मुख्यमंत्री जन कल्याण पर्व के अंतर्गत खिलाड़ियों का होगा सम्मान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में आज 18 दिसंबर को दोपहर 12: 30 बजे तात्या टोपे खेल स्टेडियम में मुख्यमंत्री जनकल्याण पर्व के उपलक्ष में ‘खेल प्रतिभाओं का सम्मान एवं प्रोत्साहन समारोह’ होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग करेंगे। जूनियर खिलाड़ियों को खेलवृत्ति एवं खेल किट वितरण, राज्य स्तर पर पदक विजेता प्रतिभावान जूनियर खिलाड़ियों को खेलवृत्ति और खेल किट प्रदान किया जाएगा। खेलो इंडिया सेंटर के खिलाड़ियों को किट वितरण, खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत चयनित खिलाड़ियों को भी खेल किट वितरित किये जाएंगे।
सीएम डॉ मोहन यादव की आज की व्यस्तताएं
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज सुबह 10: 15 पर विधानसभा पहुंचेंगे, इसके बाद दोपहर 12: 30 टीटी नगर स्टेडियम में खिलाड़ियों का कीट वितरण और श्रेष्ठ खिलाड़ियों का मुख्यमंत्री सम्मान करेंगे। सीएम खेल प्रोत्साहन की अन्य गतिविधियां, खेल प्रोत्साहन कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम 4ः30 सागर, उज्जैन और ग्वालियर- चंबल की संभागीय बैठक लेंगे। सीएम मोहन केन बेतवा तथा पार्वती काली सिंध चंबल लिंक परियोजना की महत्वता और उपयोगिता प्रतिपदा करने के संबंध में चर्चा करेंगे। जनकल्याण शिविरों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। पूर्व संभागीय बैठकों में सीएम द्वारा दिये गए निर्देशों के पालन की समीक्षा करेंगे। शाम 6ः30 भोपाल से जबलपुर के लिए रवाना होंगे, इसके बाद 7: 30 बजे जबलपुर में अभिनंदन कार्यक्रम में शामिल होंगे।