इंदौर। पिछले 26 घंटे से एमपीपीएससी अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी है। रातभर से कड़ाके की ठंड में भी अभ्यर्थी मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग इंदौर ऑफिस के बाहर बैठे हैं। सुबह से कई और अभ्यर्थी यहां पहुंचने लगे हैं। उनका कहना है की जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।
अब वे आमरण अनशन की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने सभी कोचिंग संस्थानों से बंद की भी अपील की। ये प्रदर्शन नेशनल एजुकेडेट यूथ यूनियन के बैनर तले हो रहा है।
छात्रों द्वारा हनुमान जी की फोटो स्थापित कर सुंदर कांड पाठ चालू किया गया है। छात्रों का मनोबल दोगुना है। नेशनल एजुकेटेड यूथ यूनियन के पदाधिकारी बोले- जब तक आयोग की वेबसाइट पर हमारी मांगे जारी नहीं होंगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
नेशनल एजुकेटेड यूथ यूनियन की राष्ट्रीय कोर कमेटी के राधे जाट ने कहा कि हमारे प्रदर्शन को 24 घंटे हो चुके है। मगर संतुष्टि पूर्ण जवाब नहीं मिला है। अगर उनकी मांगों का निराकरण नहीं होता है तो वे आमरण अनशन करेंगे। सुबह से ही अभ्यर्थी हाथों में बैनर पोस्टर लेकर सड़कों पर बैठे नजर आए।