नीमच। नगर पालिका द्वारा रेलवे स्टेशन के मार्ग पर लगाई गई दुकानों के विरुद्ध आज अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। जेसीबी से यहां किए गए स्थाई अतिक्रमण को हटाया गया। चूंकि रेलवे द्वारा रोड चोड़ीकरण का काम किया जाना है। इसी के मद्देनजर आज नगरपालिका के अमले द्वारा इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

नगर पालिका अधिकारी टेकचंद बुनकर ने बताया कि आवागमन को सुलभ बनाने की दृष्टि से रेलवे द्वारा यहां रोड़ चोड़ीकरण का काम प्रस्तावित है। नगर पालिका का भी नाके का एक पुराना और पक्का भवन यहां बना हुआ था। जिसे जेसीबी चलवा कर हटाया गया। जिन लोगों ने बाहर शेड लगा रखे थे, वह भी हटवाए गए। जिस पर कार्रवाई की गई उस दुकानदार और परिजनों ने नगर पालिका की कार्यवाही पर आपत्ति व्यक्त की।
इनका कहना था कि पिछले 40 वर्षों से हम यहां पर अपना काम काज संचालित कर परिवार का भरण पोषण कर रहे हैं। नगरपालिका कि कार्रवाई से हम लोग बेरोजगार हो जाएंगे। इनकी मांग है कि हमें वैकल्पिक व्यवस्था दी जाए। वहीं नगर पालिका अधिकारी ने कहा कि हमारे द्वारा यहां संचालित कर रहे दुकानदारों को पूर्व में नोटिस दिए गए हैं। समझाइश भी दी गई है। इसके बाद यह कार्रवाई की गई है।
