रतलाम। गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ रतलाम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मौन धरना दिया। धरने के बाद अमित शाह का पुतला जलाया। पुतला जलाने के दौरान कांग्रेसियों और पुलिस के बीच जमकर झूमाझटकी हुई। पुलिस पुतला छीनने की कोशिश में लगी रही। कांग्रेस कार्यकर्ता दो अलग-अलग पुतले लेकर आए थे, जिसमें से एक को आधा जलाने में सफल हो गए। झूमाझटकी के दौरान दो से तीन कांग्रेस नेताओं को हल्की छोटे भी आई हैं।
दरअसल, संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर को लेकर के सदन में गृहमंत्री अमित शाह द्वारा अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी रतलाम ने शहर के छत्री पुल स्थित डॉ अंबेडकर चौराहे पर एक घंटे का मौन धरना दिया। कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया समेत पुलिस बल मुस्तैद रहा।
पुलिस ने कांग्रेसियों से पुलता छीनने का प्रयास किया
धरने के बाद कांग्रेस नेताओं व एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने गृह मंत्री अमित शाह का पुतला जलाने की कोशिश की। पुतला देखते ही पुलिस ने कांग्रेसियों से छीनने की कोशिश की। इस दौरान झूमाझटकी में कांग्रेस नेताओं व पुलिसकर्मियों को मामूली चोट आई हैं। वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ता आधा पुतला जला पाए। पुलिस ने आधा पुतला छीन सीएसपी की गाड़ी में रख दिया। कांग्रेसियों ने अमित शाह के फोटो पर भी पैर मारकर विरोध जताया है।
कांग्रेसियों ने की जमकर नारेबाजी
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार व अमित शाह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेता पारस सकलेचा, शैलेंद्र सिंह अठाना, प्रकाश प्रभु राठौड़, राजीव रावत, महिला नेत्री यास्मीन शैरानी आदि कांग्रेसी उपस्थित रहे है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया ने बताया कि देश के गृहमंत्री अमित शाह ने संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया है। इसी के विरोध में मौन धरना देकर पुतला जलाया है।