नीमच। जिले को आज सौर ऊर्जा के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली। जिले के सिंगोली तहसील अंतर्गत गांव बड़ी कवई में आज नवीन और नवकरणीय ऊर्जा के तहत 330 मेगावाट और सुसनेर आगर मालवा की 550 मेगावाट परियोजना का लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया गया। मुख्य कार्यक्रम सुसनेर मालवा आगर में आयोजित हुआ। नीमच को प्राप्त सौर परियोजना का लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअल माध्यम से किया। सुसनेर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण नीमच के टाउन हॉल में किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि वर्तमान में खपत होने वाली बिजली का आधा उत्पादन वर्ष 2030 तक सौर ऊर्जा के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार शीघ्र ही एक लाख सोलर पंप किसानों को देगी। आने वाले 3 सालों में प्रत्येक किसान सोलर पंप से खेती करेगा। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि सौर ऊर्जा से हमारे गांव और घर प्रकाशमान हो।मोदी जी का सपना और योजना है कि सौर ऊर्जा के माध्यम से किसान और आम नागरिक लाभान्वित हो।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने कहा कि सिंगोली जिले के गांव बड़ी कवई में सौर ऊर्जा की तीन इकाइयां लग रही है। सौर ऊर्जा परियोजना के विस्तार के लिए आगे भी काम किया जाएगा। खास तौर पर बताते चलें कि इस प्लांट से बिजली की दो पॉइंट चौदह रूपए प्रति यूनिट दर निर्धारित की गई है। जो अभी तक की सबसे सस्ती दर है। इस सौर परियोजना के माध्यम से रेलवे को भी बिजली सप्लाई की जाएगी। इस अवसर पर एसपी अंकित जायसवाल, एडीएम लक्ष्मी गामड़,एसडीम ममता खेड़े सीईओ अरविंद डामोर मंचासीन रहे। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा इस अवसर पर 42 पाइंट 32 करोड़ की लागत से विकास कार्यों का लोकार्पण और 6 पॉइंट 49 करोड़ की लागत से हो रहे विकास कार्यों का भूमि पूजन किया गया।कार्यक्रम में शासकीय अधिकारी, कर्मचारी, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और विद्यार्थीयों की उपस्थिति रही।