नीमच। शहर में श्री अग्रसेन सोशल ग्रुप द्वारा श्री भक्तमाल कथा का सात दिवसीय आयोजन 24 दिसंबर से 30 दिसंबर को सीएसवी अग्रोहा भवन में किया जा रहा है। श्री भक्तमाल कथा का वाचन परम पूज्य श्री गौरदास जी महाराज श्री धाम वृंदावन के मुखारविंद से किया जाएगा। कथा के दौरान गुरुदेव पंडित भीमाशंकर जी शास्त्री का सानिध्य भी भक्तों को प्राप्त होगा। श्री भक्तमाल कथा को लेकर आयोजकों द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही है। आयोजन की तैयारियों को लेकर एलआईसी रोड स्थित कार्यालय पर बैठकों का दौर जारी है। श्री अग्रसेन सोशल ग्रुप नीमच जोर-शोर से प्रचार प्रसार में जुटी हुई है। इस संबंध में श्री अग्रसेन सोशल ग्रुप के पदाधिकारियों ने बताया कि श्री भक्तमाल कथा के प्रथम दिन 24 दिसंबर को सुबह 9.30 बजे से श्री नरसिंह मंदिर से अग्रसेन वाटिका तक एक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। प्रथम बार अंचल में आयोजित हो रही श्री भक्तमाल कथा को लेकर धर्म प्रेमी जनता में काफी उत्साह है। बाहर से आने वाले भक्तों के लिए रहने और ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है। कथा का समय 24 दिसंबर से 30 दिसंबर तक प्रतिदिन दोपहर 12.00 से 4.00 बजे तक रहेगा। आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से विभिन्न समितियां गठित कर जिम्मेदारियां निर्धारित की गई है।
उल्लेखनीय है कि श्री भक्तमाल करीब 500 वर्ष पूर्व रामानुज संप्रदाय के श्री नाभादास जी द्वारा छप्पै में रचित महाग्रंथ है, जिसमें सतयुग, त्रेता, द्वापर व कलयुग के तत्समय तक के भक्तों के चरित्र का वर्णन है।