गुना। भदौरा में निजी भूमि से अतिक्रमण हटाने पीड़ित परिवार द्वारा पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया है। भदौरा निवासी पहलवान सिंह,तेज सिंह पुत्र बद्रीलाल कुशवाह एवं राजेन्द्र सिंह कुशवाह, दुर्गाशरण,लीला बाई पत्नी उम्मेद सिंह द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि हमारी निजी भूमि पटवारी हल्का नंबर 16 सर्वे नंबर 306/1 ग्राम भदौरा में स्थित है। जिस पर कुछ लोग दबंगई कर कब्जा करना चाहते हैं। पीड़ित परिवार ने कुछ लोगों को नामजद करते हुए कहा कि ये लोग हरिजन एक्ट एवं बलात्कार के केस में फंसाने की धमकी देते हैं। परिवार ने कहा कि अप्रैल 2022 में नायब तहसीलदार, पटवारी, पंचायत सचिव आदि ने पंचनामा तैयार कर समाधान का प्रयास किया था। लेकिन दबंगों द्वारा आये दिन परेशान किया जाता है और धमकियां दी जाती है। विगत दिनों घर पर आकर गाली-गलौज और धमकी दी गई। पूर्व में जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़ित परिवार की मांग है कि अतिक्रमण हटवाकर उनकी तार फैंसिंग करवाई जाए। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।