नीमच। संयुक्त विभाग पेंशनर संघ का तृतीय वार्षिक अधिवेशन रविवार को स्वर्णकार मांगलिक भवन में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पेंशनर्स एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक दिलीप सिंह परिहार उपस्थित रहे। मंच पर डॉ. जयंत बैरागी (झाबुआ), कैलाश सेन (इंदौर), बालचंद वर्मा एवं जगमोहन श्रीवास्तव सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।
विधायक दिलीप सिंह परिहार ने अपने संबोधन में कहा कि वरिष्ठजनों का अनुभव समाज की अमूल्य धरोहर है। पेंशनर्स ने अपने सेवाकाल के दौरान राष्ट्र और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनका मार्गदर्शन और अनुभव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
अधिवेशन में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पेंशनर्स ने सहभागिता की। इस दौरान संगठन की गतिविधियों, पेंशनर्स की समस्याओं और विभिन्न मांगों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही संगठनात्मक एकजुटता को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।
कार्यक्रम के दौरान 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पेंशनर्स का सम्मान कर उनके योगदान का अभिनंदन किया गया।
अधिवेशन का विशेष आकर्षण उस समय रहा, जब पेंशनर राजेंद्र जैन एवं जयेंद्र बैरागी ने देहदान की घोषणा कर मानव सेवा का अनुकरणीय संदेश दिया। उनकी इस पहल का उपस्थितजनों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन शीला जैमन एवं श्याम टांकवाल कवाल ने किया।