भोपाल। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा बाबासाहेब अंबेडकर पर की गई टिप्पणी से मध्य प्रदेश की राजनीतिक सियासत गरमा गई है। लगातार कांग्रेसी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में राजधानी भोपाल में कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल थाने पहुंचा। जहां उन्होंने अमित शाह के खिलाफ केस दर्ज कराने को लेकर जमकर हंगामा किया। खबर लिखे जाने तक कांग्रेस का प्रदर्शन जारी था।
शनिवार को कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल टी टी नगर थाने पहुंचे। उन्होंने थाने की सामने धरना प्रदर्शन किया और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर एफआईआर करने की मांग की। साथ ही कांग्रेसियों ने बीजेपी आईटी सेल पर भी एफआईआर करने की मांग करते हुए धरना प्रदर्शन किया। हालांकि, इस दौरान पुलिस उन्हें समझाइश देते नजर आई, लेकिन कांग्रेसी एफआईआर करने की मांग पर डटे रहे.
ये है पूरा मामला
दरअसल, बीते दिन संसद में वन नेशन वन इलेक्शन पर हो रही चर्चा के दौरान अमित शाह ने बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर का नाम लेकर विपक्ष पर हमला बोला था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि, अभी एक फैशन हो गया है अंबेडकर अंबेडकर अंबेडकर, इतना नाम अगर भगवान का लेते तो सात जन्मों तक स्वर्ग मिल जाता।