भोपाल। मध्य प्रदेश के पुलिस विभाग में पारदर्शिता लाने के लिए अनोखा नवाचार किया जाने वाला है। प्रदेश के पुलिसकर्मी अब ‘बॉडी वॉर्न’ कैमरे से लैस रहेंगे। इससे न केवल पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता रहेगी। बल्कि उन्हें किसी भी गलत आरोप से बचाएगी।
52 जिलों के लिए 1032 बॉडी वॉर्न कैमरे की खरीदी
दरअसल, महानगरों और विदेश में पुलिसकर्मियों द्वारा उपयोग में लाए जाने वाले बॉडी वॉर्न कैमरे से अब एमपी के सभी जिलों के पुलिसकर्मी भी लैस होंगे। पुलिस मुख्यालय ने 52 जिलों के लिए 1032 बॉडी वॉर्न कैमरों की खरीदी प्रक्रिया शुरू की है। इसके लिए टेंडर बुलाए गए हैं।
भोपाल-इंदौर के थानों में दिए जा सकते हैं कैमरे
पुलिस आधुनिकीकरण योजना के तहत केंद्र सरकार से 60 फीसदी तो राज्य सरकार से 40 फीसदी राशि मिलेगी। इसी योजना के तहत बॉडी वॉर्न कैमरों की खरीदी की जा रही है। पुलिस कमिश्नर प्रणाली वाले भोपाल और इंदौर के सभी थानों में ये बॉडी वॉर्न कैमरे दिए जाने की योजना है।