चित्तौड़गढ़। जिला विशेष टीम (डीएसटी) एवं पुलिस थाना सदर चित्तौड़गढ़ की संयुक्त टीम ने सोशल मीडिया पर 12 बोर हथियार के साथ पोस्ट वायरल कर आमजन में भय का माहौल पैदा करने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोशल मीडिया अकाउंट की तकनीकी निगरानी एवं विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान की।
सोशल मीडिया अकाउंट की निगरानी से खुलासा-
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह एवं पुलिस उप अधीक्षक बृजेश सिंह के सुपरविजन में सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर आमजन में भय एवं दहशत का माहौल पैदा करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में जिला विशेष टीम प्रभारी एएसआई सूरज कुमार ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान ‘ओम मीणा’ नाम से संचालित सोशल मीडिया आईडी पर हथियार के साथ पोस्ट अपलोड होना पाया। टीम ने अकाउंट की निगरानी एवं तकनीकी विश्लेषण के बाद अकाउंट संचालक की पहचान ओमप्रकाश मीणा पुत्र रतनलाल मीणा, उम्र 40 वर्ष, निवासी मीणा मोहल्ला, मीठा राम जी का खेड़ा, थाना सदर चित्तौड़गढ़ के रूप में की। पुलिस ने आरोपी को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।
हथियारों का प्रदर्शन करने वालों पर होगी कार्रवाई-
पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन, भ्रामक सामग्री, गुंडागर्दी का प्रदर्शन अथवा अपराध का महिमामंडन कर आमजन में भय पैदा करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने या आमजन में भय का वातावरण उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका-
जिला विशेष टीम: एएसआई सूरज कुमार, कांस्टेबल अरविन्द कुमार, कृष्णकांत, अशोक, जगदीश, वीरेन्द्र, देवेन्द्र, सुरेश सुंडा एवं रामकेश।
थाना सदर चित्तौड़गढ़: एसआई लादू जाट, एएसआई जगदीश एवं कांस्टेबल विनोद कुमार।
सोशल मीडिया सेल: एएसआई राजकुमार सोनी (साइबर सेल), सत्यनारायण, कांस्टेबल गोविन्द एवं महिला कांस्टेबल कांता।