नीमच। वर्षा ऋतु में सर्पों के अधिक सक्रिय होने के कारण सर्प-दंश की घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। जनहानि की रोकथाम के लिए जिले में पंचायत एवं शहरी वार्ड स्तर तक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा सर्प-दंश की स्थिति में त्वरित उपचार की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मध्यप्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं गृह विभाग के निर्देशानुसार पंचायत और वार्ड स्तर पर समाचार पत्रों, सोशल मीडिया, आकाशवाणी सहित अन्य प्रचार माध्यमों से सर्प-दंश से बचाव एवं प्राथमिक उपचार की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही पंचायत सदस्यों, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों, आपदा मित्रों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिले में प्रशिक्षित स्नेक कैचर एवं सर्प मित्रों की सूची तैयार कर उनकी सेवाएं पंचायत एवं वार्ड स्तर पर उपलब्ध कराने तथा उनके सहायता नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी शासकीय चिकित्सालयों में सर्प-दंश के उपचार के लिए आवश्यक दवाओं, उपकरणों एवं एंटी स्नेक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
सर्प-दंश से बचाव के लिए सावधानी जरूरी-
आमजन को घरों के आसपास साफ-सफाई रखने, घास-फूस एवं कचरा जमा नहीं होने देने तथा खेतों एवं जंगलों में कार्य करते समय जूते-मोजे पहनने की सलाह दी गई है। रात के समय टॉर्च अथवा पर्याप्त रोशनी का उपयोग करने तथा पशु बाड़ों एवं चरागाहों में भी रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था रखने पर जोर दिया गया है। पर्यटन स्थलों पर सर्पों से संबंधित चेतावनी एवं पहचान संबंधी संकेतक लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सर्प-दंश की घटनाओं को जिला आपदा प्रबंधन योजना में स्थानीय आपदा के रूप में शामिल कर जोखिम आकलन, संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय करने एवं मानक कार्यप्रणाली तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही घटनाओं का आंकड़ा संकलित कर भौगोलिक सूचना तंत्र (जीआईएस) आधारित मानचित्र तैयार किया जाएगा।
सर्प काटने पर तुरंत अस्पताल पहुंचाएं-
सर्प-दंश होने पर घबराएं नहीं। पीड़ित को कम से कम हिलाएं-डुलाएं और तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाएं। सर्प को पकड़ने या मारने का प्रयास न करें। घाव को काटने, चूसने, बर्फ लगाने, कसकर बांधने अथवा किसी घरेलू उपचार का प्रयोग करने से बचें। सर्प-दंश की स्थिति में समय पर चिकित्सकीय उपचार प्राप्त करना अत्यंत महत्वपूर्ण है।