कसरावद। ग्राम पंचायत बड़गांव के ग्राम ओटा में विभिन्न समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन तहसील कार्यालय पहुंचे और आजाद समाज पार्टी के नेतृत्व में अनुविभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने शासकीय प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों की कथित लापरवाही, मध्यान्ह भोजन व्यवस्था में अनियमितता तथा गांव में मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया।
ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम ओटा स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षकों की लापरवाही के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने विद्यालय में पदस्थ दोनों शिक्षकों के स्थानांतरण सहित मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की वहीं गांव में नाली निर्माण नहीं होने से जगह-जगह गंदगी की समस्या बनी हुई है। सीसी सड़क का अभाव होने के साथ ही ग्रामीणों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं होने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने गांव में नाली, सीसी सड़क और पेयजल की व्यवस्था कराने की मांग की।
मध्यान्ह भोजन को लेकर भी ग्रामीणों ने गंभीर शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं। ज्ञापन में निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं दिए जाने का आरोप लगाते हुए भोजन व्यवस्था की जांच, गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने तथा भोजन कक्ष की आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की गई।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन तहसील कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने प्रशासन से सभी समस्याओं का शीघ्र निराकरण कर गांव के विकास और बच्चों की शिक्षा व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करने की मांग की।