चित्तौड़गढ़। सावन मास के पावन अवसर पर नगर माहेश्वरी महिला संगठन की ओर से महेश वाटिका में शिव शक्ति महोत्सव एवं लहरिया तीज महोत्सव का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कृष्णा समदानी, कुंतल तोषनीवाल, रितु सोडाणी, जया तोषनीवाल, मंजू तोषनीवाल, चंदा नामधर और नीलिमा झंवर ने दीप प्रज्वलित कर की।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष नीतू तोषनीवाल ने सभी अतिथियों का उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया। वहीं चंदा लड्ढा, चेतना नामधरानी, मोनिका चंडक और हीना अजमेरा ने तिलक एवं तिरंगे के निशान से अतिथियों का अभिनंदन किया।
मेहंदी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाई रौनक
लहरिया तीज के अवसर पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से मेहंदी लगाई। इसके साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। महिलाओं ने सुंदर ग्रुप डांस की प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में रंग जमा दिया। सेतु मार्ग मंडल की प्रस्तुति विशेष रूप से सराहनीय रही।
नीलम बांगड़, स्वीटी पोरवाल, मेनका सामरिया और निशा मंडोवरा ने भी आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे को तीज पर्व और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
गेम्स और प्रश्नोत्तरी में दिखा उत्साह
महोत्सव में विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ज्योति गगरानी ने तीज और सावन से संबंधित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित कराई। प्रतियोगिता में विजेता महिलाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मंच संचालन मंडल सचिव रीना जागेटिया ने किया। कार्यक्रम के समापन पर 15 अगस्त के उपलक्ष्य में राष्ट्रगान हुआ।
कार्यक्रम में संगीता कलंत्री, अल्का चोपड़ा, रितु पुंगलिया, रतन काबरा, नेहा न्याति, रेखा सोमानी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। पूरे आयोजन के दौरान सावन, तीज और देशभक्ति का रंग देखने को मिला।