उज्जैन। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने संविधान के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए दोनों के पुतले जलाने की कोशिश की। पुलिस ने कार्यकर्ताओं से पुतला छीन लिया। इस दौरान उनके बीच झड़प भी हुई।
बता दें कि वोटर वेरिफिकेशन और चुनाव में वोट चोरी के आरोप पर विपक्ष के 300 सांसदों ने सोमवार को संसद से चुनाव आयोग के ऑफिस तक मार्च निकाला। इस दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी सांसदों को हिरासत में लिया गया। पुलिस उन्हें संसद मार्ग पुलिस स्टेशन ले गई, जहां से 2 घंटे बाद रिहा कर दिया गया। इसके लेकर ही देशभर में कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है।
जीतू पटवारी ने की थी अपील
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लेने के बाद पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के आह्वान पर सभी ब्लॉक अध्यक्ष, ब्लॉक प्रभारी, सेवा दल, महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई सहित सभी मंडलम अध्यक्ष और सेक्टर अध्यक्ष ने उज्जैन के पीपली नाका चौराहा पर प्रदर्शन किया। भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीसीसी दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया।
नेताओं की गिरफ्तारी पर भड़की पार्टी
कांग्रेस नेता रवि राय ने कहा कि वोट चोरी को लेकर प्रदर्शन कर रहे हमारे नेताओं को हिरासत में लिया गया। संविधान के तहत हम प्रदर्शन कर सकते हैं, लेकिन हमारे नेताओं ने प्रदर्शन करने पर गिरफ्तार कर लिया गया। इसकी हम निंदा करते हैं।
भोपाल में पीसीसी के बाहर जलाया पुतला
भोपाल में पीसीसी के बाहर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और पुतला जलाया। इस दौरान कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, भोपाल जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, अभिनव बारोलिया समेत अन्य प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
सिंघार बोले- राहुल ने वोट चोरी का खुलासा किया
नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने कहा कि राहुल गांधी ने जिस तरह वोट चोरी का खुलासा किया है, वह भाजपा की असलियत को सामने लाता है। लोकतंत्र की रक्षा और राहुल गांधी की ताकत को बढ़ाने के लिए देश को एकजुट होकर खड़ा होना होगा। सिंघार ने कहा कि वे राहुल गांधी की गिरफ्तारी की निंदा करते हैं।