सीतामऊ। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर दिव्यांक सिंह एवं विधायक हरदीप सिंह डंग ने अधिकारियों के साथ सीतामऊ क्षेत्र के ग्राम लदुना का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पटवारी कार्यालय एवं उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पटवारी कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसानों की सुविधा के लिए क्यूआर कोड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें आवश्यक जानकारी आसानी से मिल सके। इसके बाद उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण करते हुए गोदाम में रखी राशन सामग्री, खाद एवं बीज की उपलब्धता और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं मांगें सुनीं। ग्रामीणों की मांग पर गांव में खेल मैदान निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
इसके अलावा दमाखेड़ी पहुंच मार्ग की मरम्मत के लिए भी संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।