दतिया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत 14 अगस्त को हंस वाहिनी निकेतन स्कूल दतिया में विभिन्न देशभक्ति एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
स्कूल की प्राचार्य श्रीमती मेघा पटेरिया एवं निर्मल पटेरिया के मार्गदर्शन में चित्रकला प्रतियोगिता, तिरंगा रंगोली, राष्ट्रगीत, तिरंगा प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए तिरंगे के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को प्रदर्शित किया।
चित्रकला के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान स्कूल परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
आयोजकों ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रीय गौरव, एकता और देशप्रेम की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। इस दौरान स्कूल का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।