मंदसौर। मकर संक्रांति पर्व से पूर्व नई आबादी थाना पुलिस चाइनीज मांझे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के मूड में नजर आ रही है। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बाजार क्षेत्रों में विशेष सर्चिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान ड्रोन कैमरे की सहायता से आबादी क्षेत्र में निगरानी की गई। पुलिस ने पतंग, मांझा एवं अन्य संबंधित सामग्री की दुकानों पर बारीकी से जांच की। इस दौरान कई दुकानदारों को चाइनीज मांझे की बिक्री एवं उपयोग पर लगे प्रतिबंध की जानकारी देते हुए सख्त चेतावनी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन-प्रशासन द्वारा चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है। यदि कोई दुकानदार प्रतिबंधित मांझा बेचते हुए पाया गया, तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ड्रोन सर्चिंग के दौरान छतों पर पतंग उड़ाते बच्चों को नीचे उतारकर उन्हें चाइनीज मांझे से होने वाले खतरों के प्रति समझाइश दी गई। पुलिस का कहना है कि इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।