चित्तौड़गढ़। मंगलवाड़ थाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि 12 जून 2026 को नेपाल बंजारा निवासी रामपुरिया, जिला नीमच (मध्यप्रदेश) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 जून को उसने अपनी मोटरसाइकिल मोरवन टोल से आगे स्टेट हाईवे के पास खड़ी की थी, जिसे अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया।
मामले में प्रकरण दर्ज कर थानाधिकारी भगवानलाल के नेतृत्व में एएसआई जगदीश चन्द्र एवं पुलिस जाप्ते की टीम गठित की गई। टीम ने मोरवन, गाडरियावास, दौलतपुरा, भिखाखेड़ा, छीपाखेड़ा और नीमगांव सहित विभिन्न क्षेत्रों में सीसीटीवी फुटेज की जांच की तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की।
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध सुखलाल पिता उदा बावरी (21) निवासी नीमगांव, थाना मंगलवाड़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मनोवैज्ञानिक तरीके से की गई पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका-
कार्रवाई में थानाधिकारी भगवानलाल, एएसआई जगदीश चन्द्र, भैरूलाल जाट, कांस्टेबल टंवर सिंह एवं रोशनलाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।