मुरैना। जिले के बीहड़ और पथरीले इलाके में स्थित निरार थाना इन दिनों गंभीर पेयजल संकट से जूझ रहा है। हालात ऐसे हैं कि थाने में तैनात पुलिसकर्मियों को अपनी दैनिक जरूरतों के लिए करीब 4 किलोमीटर दूर जाकर पानी भरकर लाना पड़ रहा है।
भीषण गर्मी के बीच स्थिति और भी विकट हो गई है। थाने में पर्याप्त जल स्रोत न होने के कारण पुलिसकर्मी सरकारी वाहन में ड्रम और कैन लोड कर पानी की व्यवस्था करने को मजबूर हैं। जिस वाहन का उपयोग कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए होना चाहिए, वह अब पानी ढोने के काम में लग गया है।
इस समस्या का असर न केवल पुलिसकर्मियों पर पड़ रहा है, बल्कि थाने पहुंचने वाले फरियादियों को भी पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। कई बार शिकायत लेकर आने वाले ग्रामीणों को भी पानी की तलाश में भटकना पड़ता है।
जब पानी के लिए जूझती खाकी की तस्वीरें और वीडियो सामने आए, तो जिला प्रशासन हरकत में आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश भार्गव ने पीएचई विभाग के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करने और शीघ्र समाधान के निर्देश दिए हैं।
वहीं, मुरैना पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने बताया कि निरार थाना क्षेत्र भौगोलिक रूप से अत्यंत कठिन है। यह इलाका पथरीला और जंगलों से घिरा होने के कारण यहां भू-जल स्तर काफी नीचे है, जिससे जल संकट की समस्या बनी रहती है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा स्थायी समाधान के लिए शासन को पत्र भेजा गया है।