नीमच। जिले के ग्राम अडमालिया निवासी हुलासीबाई पति स्वर्गीय काशीराम बलाई ने कलेक्टर नीमच को शिकायत पत्र सौंपकर उनकी कृषि भूमि के सीमांकन में बाधा पहुंचाने और भूमि पर अवैध कब्जे के प्रयास का आरोप लगाया है।
शिकायत में बताया गया है कि खसरा क्रमांक 617/2/2 की 0.57 हेक्टेयर कृषि भूमि उनके स्वामित्व में है। बावजूद इसके, समीपस्थ भूमि के कुछ लोग सीमांकन कार्य में लगातार व्यवधान उत्पन्न कर रहे हैं और विवाद खड़ा कर उनकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।
हुलासीबाई का कहना है कि सीमांकन कराने के लिए संबंधित विभाग में आवेदन दिए जाने के बाद भी अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। सीमांकन नहीं होने से उन्हें अपनी भूमि तक आने-जाने और खेती-किसानी के कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कलेक्टर से मांग की है कि उनकी भूमि का शीघ्र सीमांकन कराया जाए तथा भूमि पर अवैध कब्जे का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।