चित्तौड़गढ़। महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी बालाजी प्रशिक्षण संस्थान द्वारा चतुर्थ दंगल (कुश्ती) प्रतियोगिता का आयोजन गुरुवार, 18 जून को किया जाएगा।
संस्थान के सचिव कमलेश गुर्जर ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता को लेकर आयोजित बैठक में इसे इस बार संभाग स्तरीय स्तर पर कराने का निर्णय लिया गया है। इसमें प्रतापगढ़, छोटी सादड़ी और उदयपुर जिलों के पहलवान भाग लेंगे।
दंगल में विभिन्न भार वर्गों में महिला एवं पुरुष वर्ग की कुश्तियों का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता के प्रमुख टाइटल संभाग प्रताप केसरी, संभाग पन्नाधाय केसरी और संभाग प्रताप कुमार रखे गए हैं।
आयोजन समिति द्वारा प्रतिभागी पहलवानों एवं कोच के लिए ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था भी की जाएगी।
कार्यक्रम के तहत 18 जून को प्रातः 9 बजे से 12 बजे तक खिलाड़ियों का वजन किया जाएगा, जबकि अपराह्न 3 बजे से कुश्ती मुकाबलों की शुरुआत होगी। सभी मुकाबले पारंपरिक भारतीय पद्धति के अनुसार मिट्टी के अखाड़ों में आयोजित किए जाएंगे।