नीमच। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र निरस्त किए जाने के विरोध में जिला युवा कांग्रेस ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और चुनाव आयोग के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए सांकेतिक पुतला दहन किया।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मन्नू बच्जा के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विपक्षी प्रत्याशी को चुनावी प्रक्रिया से बाहर करने के लिए लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी की गई है। ज्ञापन में राष्ट्रपति से हस्तक्षेप कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली की न्यायिक समीक्षा करवाने तथा नामांकन निरस्त करने वाले संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जंजीरों से बंधा चुनाव आयोग का सांकेतिक पुतला प्रदर्शित किया, जिस पर आयोग को सत्तारूढ़ दल की कठपुतली बताया गया था।
वहीं “लोकतंत्र की हत्या बंद करो” और “चुनाव आयोग का दुरुपयोग बंद करो” जैसे नारों से कलेक्टर कार्यालय परिसर गूंज उठा। बाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के सांकेतिक पुतले का दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी कि लोकतांत्रिक अधिकारों और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर कुठाराघात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।