शाजापुर। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मोहन बड़ोदिया पुलिस ने सात वर्षों से फरार चल रहे ₹10 हजार के इनामी स्थायी वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय एवं एसडीओपी शाजापुर अजय कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अरविंद सिंह तोमर द्वारा स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था।
पुलिस के अनुसार गौवंश संबंधी 13 वर्ष पुराने प्रकरण में स्थायी वारंटी एवं ₹10 हजार के इनामी आरोपी सलीम उर्फ मिठिया पिता हबीब खां (40 वर्ष), निवासी ताजपुर, हाल मुकाम भैरूनाला, उज्जैन, पिछले सात वर्षों से फरार चल रहा था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।
दिनांक 14 एवं 15 जून को पुलिस टीम ने उज्जैन में डेरा डालकर आरोपी की सघन तलाश की। मुखबिर की सूचना एवं साइबर सेल की तकनीकी सहायता के आधार पर 15 जून को आरोपी को उसके निवास स्थान से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था तथा हर बार दबिश के दौरान फरार हो जाता था। लगातार निगरानी, तकनीकी सहयोग एवं सुनियोजित कार्रवाई के चलते पुलिस को यह सफलता मिली।
इनकी रही सराहनीय भूमिका-
कार्रवाई में थाना प्रभारी अरविंद सिंह तोमर, प्रधान आरक्षक हेमेन्द्र सिंह जादौन, आरक्षक संजय चौहान, शैलेन्द्र शर्मा, अर्जुन सिंह बागड़ी, राहुल कुम्भकार तथा साइबर सेल प्रभारी प्रधान आरक्षक विकास तिवारी एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।