नीमच। बैंक अवकाश के बावजूद 27 से 29 मार्च तक नीमच कृषि उपज मंडी खुली रहेगी। किसानों को फसल बेचने में परेशानी न हो और मंडी समिति का कार्य प्रभावित न हो, इसे ध्यान में रखते हुए मंडी बोर्ड भोपाल के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है।
मंडी प्रशासन एवं व्यापारी संघ के समन्वय से तय किया गया है कि इन तीनों दिनों में नीलामी का कार्य नियमित रूप से संचालित होगा, ताकि वित्तीय वर्ष के अंत में किसानों को लंबा इंतजार न करना पड़े और उनकी उपज का भुगतान समय पर हो सके।
मंडी सचिव उमेश बसेड़िया ने बताया कि अवकाश के दौरान व्यापारियों द्वारा किसानों को उपलब्धता के अनुसार नकद भुगतान किया जाएगा, जबकि शेष राशि आरटीजीएस एवं एनईएफटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में जमा की जाएगी।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे मंडी आते समय अपनी बैंक पासबुक साथ लेकर आएं, ताकि भुगतान प्रक्रिया में किसी प्रकार की तकनीकी परेशानी न हो। साथ ही बैंक बंद रहने के दौरान सहयोग बनाए रखने की भी अपील की गई है।