मंदसौर। जिले में मंगलवार को अचानक बदले मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। आंधी-तूफान और बिजली की कड़कड़ाहट के साथ हुई तेज बारिश के कारण कृषि उपज मंडी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मंडी में अपनी उपज लेकर पहुंचे किसान बारिश से फसल को बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए, लेकिन तेज बारिश के चलते कई किसानों की उपज भीग गई। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान की आशंका सताने लगी है।
अचानक हुई इस बारिश ने मंडी व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश में एक नया मौसम तंत्र सक्रिय हो गया है, जिसके चलते आगामी कुछ घंटों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
ऐसे में किसानों को सतर्क रहने और अपनी फसल को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।