नीमच। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर “मेरा युवा भारत” नीमच द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में प्रेरणादायक युवा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मैसी शोरूम चौराहा स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इस दौरान युवाओं ने “जय भीम” के नारों के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके पश्चात सरदार पटेल इंस्टीट्यूट, जवाहर नगर में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने विचारों के माध्यम से संविधान, समानता और सामाजिक न्याय के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं को भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा एवं अपने कर्तव्यों के पालन की शपथ भी दिलाई गई। इस आयोजन में “मेरा युवा भारत” के स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम जिला युवा अधिकारी सौरव श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में जागरूकता बढ़ाना और संविधान के मूल्यों को मजबूत करना रहा।