खरगोन। मध्य प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग द्वारा सोशल मीडिया वॉरियर्स प्रतिभा खोज अभियान का शुभारंभ किया गया है। अभियान के तहत सोशल मीडिया पर सक्रिय और रचनात्मक प्रतिभाओं को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़कर समाज एवं राष्ट्रहित में कार्य करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं खरगोन जिले के सोशल मीडिया प्रभारी विवेक मोगरे ने पत्रकार वार्ता में बताया कि इस अभियान के माध्यम से सोशल मीडिया पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा, लेखक, वीडियो क्रिएटर, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, ब्लॉगर्स, मोटिवेशनल स्पीकर्स तथा विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों से जुड़े प्रतिभाशाली युवाओं और आमजन को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 31 मई से 15 जून 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्राप्त आवेदनों की जांच 15 जून से 19 जून 2026 तक की जाएगी। इसके बाद 20 जून से 23 जून 2026 तक जिला कांग्रेस कार्यालय में जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं जिला सोशल मीडिया प्रभारी की उपस्थिति में चयनित आवेदकों के प्रत्यक्ष साक्षात्कार आयोजित होंगे। वहीं 24 जून से 28 जून 2026 तक अंतिम चयन प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।
अभियान के अंतर्गत चयनित प्रतिभागियों की अंतिम सूची 30 जून 2026 को जारी की जाएगी। विवेक मोगरे ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने और सामाजिक व राष्ट्रीय सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।