राजगढ़। श्री ओम् गंगा महादेव मंदिर एवं तेजाजी मंदिर, भानगढ़ रोड स्थित परिसर में संगीतमय श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें युवा पंडित आनंद तिवारी द्वारा कथा श्रवण कराई जा रही है।
कथा में बड़ी संख्या में माता-बहनों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों की उपस्थिति देखने को मिली, जिससे पूरा मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भरा नजर आया।
कथा के दौरान पंडित आनंद तिवारी ने भगवान गणेश की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि किसी भी शुभ कार्य का आरंभ भगवान गणेश की पूजा के बिना पूर्ण नहीं माना जाता। वे विघ्नों के नाशक, बुद्धि और सिद्धि के दाता तथा देवताओं में प्रथम पूज्य हैं।
कथा का मार्गदर्शन पंडित अशोक तिवारी द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि श्री शिव महापुराण कथा की रूपरेखा गुरुदेव के मार्गदर्शन में तैयार की गई है और यह आयोजन लाभार्थी परिवार के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है।
कार्यक्रम में भक्तों ने आरती में भाग लिया और इसके बाद महाप्रसाद का वितरण किया गया। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजन जारी रहेंगे। हर हर महादेव।