मनासा/नीमच। चौकी कंजार्डा पुलिस ने चोरी गए ट्रैक्टर की बरामदगी में बड़ी सफलता हासिल करते हुए महज 6 दिनों के भीतर 8 लाख रुपये कीमत का ट्रैक्टर बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है। कुल 9.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया तथा एसडीओपी मनासा निकिता सिंह के मार्गदर्शन में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार फरियादी का लाल रंग का मैसी फर्ग्यूसन 1035 ट्रैक्टर 27-28 मई 2026 की दरमियानी रात अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए थे। मामले में 1 जून 2026 को थाना मनासा में अपराध क्रमांक 268/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान मुखबिर तंत्र और साइबर टीम की सहायता से पुलिस ने मुख्य आरोपी अजय पिता गोपाल धाकड़ (21 वर्ष), निवासी चौकड़ी, थाना मनासा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी मनीष पिता गोपाल प्रजापत, निवासी बलकुंडी, थाना जावद, जिला चित्तौड़गढ़ के साथ मिलकर ट्रैक्टर चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया ट्रैक्टर बरामद कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त एक एक्सट्रीम मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। फरार आरोपी मनीष की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका-
कार्रवाई में थाना प्रभारी मनासा निरीक्षक निलेश अवस्थी, उपनिरीक्षक श्याम कुमावत, एएसआई पन्नालाल चौहान, प्रधान आरक्षक प्रदीप शिंदे (साइबर टीम), आरक्षक मोहन, कृष्णपाल एवं ईश्वर सहित चौकी कंजार्डा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।