भोपाल। मानसून से पहले व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए रविवार सुबह सहकारिता एवं खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग खुद सड़कों पर उतरे। नरेला विधानसभा क्षेत्र में जलभराव और बाढ़ जैसी संभावित स्थितियों को रोकने के लिए उन्होंने प्रमुख नाले-नालियों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को मौके पर ही जरूरी निर्देश दिए।
मंत्री सारंग ने प्रभात चौराहा, महामाई की पुलिया, द्वारका नगर और भानपुर खंती समेत कई इलाकों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर सफाई कार्य संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। साफ शब्दों में चेताया कि बारिश से पहले नालों की पूरी सफाई हर हाल में सुनिश्चित की जाए, लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी।
दौरे के दौरान मंत्री ने शहर के सबसे बड़े पातरा नाले का भी निरीक्षण किया, जो नरेला क्षेत्र से होकर गुजरता है। यहां एनएचएआई के निर्माण कार्य के चलते नाले में बड़ी मात्रा में मिट्टी डंप पाई गई। यह देख मंत्री सारंग ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे पानी का प्रवाह बाधित होगा और बारिश में शहर के कई हिस्सों में जलभराव की गंभीर स्थिति बन सकती है।
मौके पर ही शुरू हुआ सफाई काम
मंत्री के निर्देश के बाद मौके पर ही नाले से मिट्टी हटाने का काम शुरू कर दिया गया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नाले की गहराई और चौड़ाई बरकरार रखते हुए सफाई कार्य तेजी से पूरा किया जाए, ताकि बारिश के दौरान पानी की निकासी प्रभावित न हो। निरीक्षण के दौरान नालों पर हो रहे अतिक्रमण को भी मंत्री ने गंभीर समस्या बताया। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां कहीं भी अवैध कब्जे हैं, उन्हें तत्काल हटाया जाए। उनका कहना था कि अतिक्रमण के कारण ही हर साल बारिश में आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।
बारिश से पहले पूरी हो तैयारी
मंत्री सारंग ने नगर निगम और जिला प्रशासन को समन्वय के साथ काम करने की हिदायत देते हुए कहा कि मानसून से पहले सभी सफाई और मरम्मत कार्य पूरे कर लिए जाएं। सरकार का उद्देश्य साफ है, बारिश के दौरान नागरिकों को किसी भी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए हर स्तर पर गंभीरता से काम किया जाए।