मंदसौर। विधायक विपिन जैन के नेतृत्व में शिवना नदी को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे शिवना शुद्धिकरण अभियान का 128वां दिन रविवार को संपन्न हुआ। अभियान के तहत बड़ी संख्या में श्रमदानियों ने नदी तट पर पहुंचकर सफाई कार्य किया और करीब एक ट्रॉली कचरा नदी से बाहर निकाला।
रविवार को श्रमदानियों ने नदी में उतरकर प्लास्टिक कचरा, गाद तथा अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाया। हाल ही में हुई बारिश के कारण शहर के नालों से बहकर बड़ी मात्रा में प्लास्टिक एवं कचरा शिवना नदी में पहुंच गया था, जो नदी के किनारों पर जमा हो गया था। अभियान के दौरान विशेष रूप से इस कचरे को हटाकर नदी तट को स्वच्छ बनाने का कार्य किया गया।
श्रमदानियों ने एकत्रित कचरे का उचित निस्तारण भी सुनिश्चित किया। अभियान में शामिल लोगों ने नदी के विभिन्न हिस्सों में सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान से जुड़ी सोनाली जैन ने बताया कि शिवना शुद्धिकरण केवल सफाई अभियान नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता का एक सतत प्रयास है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे प्रत्येक रविवार आयोजित होने वाले इस अभियान में शामिल होकर श्रमदान करें और नदी संरक्षण के इस जनआंदोलन का हिस्सा बनें।
अभियान में समाजसेवियों, महिला कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रमुख रूप से हेमराज खाबिया, रमेश सोनी, सुरेश सेजपुरिया, रफत पयामी, सोनाली जैन, इष्टा भाचावत, सुनीता बंडी, राखी सत्रावाला, कौशल्या त्रिवेदी, सुनीता माली, राजनारायण लाड़, विकास दशोरा, अंसार मेव, ऋषिराज लाड़ एवं कनिष्क सोनी उपस्थित रहे।
लगातार 128 दिनों से चल रहा यह अभियान अब जनभागीदारी का प्रेरणादायक उदाहरण बन चुका है। श्रमदानियों के निरंतर प्रयासों से शिवना नदी तट पर स्वच्छता और प्राकृतिक सौंदर्य लौटता दिखाई दे रहा है।