चित्तौड़गढ़। पंचायत समिति भदेसर के ग्राम धीरजी का खेड़ा निवासी भारतीय सेना के जवान पहलवान गुर्जर का शुक्रवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
इससे पूर्व 24 राजपूत रेजिमेंट में तैनात पहलवान गुर्जर की पार्थिव देह सेना के वाहन से जब पैतृक गांव पहुंची तो माहौल गमगीन हो गया और उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं। क्षेत्रीय विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने पार्थिव देह पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
तिरंगे में लिपटी पार्थिव देह को सेना के जवानों द्वारा उल्टी बंदूकें कर सलामी दी गई। इसके बाद पारंपरिक सम्मान के साथ अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें “जब तक सूरज चांद रहेगा, पहलवान तेरा नाम रहेगा” और “भारत माता की जय” के नारों से वातावरण गूंज उठा।
अंत्येष्टि से पूर्व तिरंगे को विधिवत उतारकर परिजनों को सौंपा गया, जिसके बाद पार्थिव देह को पंचतत्व में विलीन किया गया।
विधायक आक्या ने शोकाकुल परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी तथा हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पहलवान गुर्जर ने सेना में रहकर देश सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रतन गाडरी, एसडीएम रजनी मीणा, पुलिस उपाधीक्षक विनोद लखेरा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।