नीमच। महू-नसीराबाद हाईवे स्थित चंगेरा मंडी में प्याज के छपरे के पास स्थित कुएं के पानी को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। बताया जा रहा है कि कुएं के पास रात्रि के समय आने वाले कुछ किसान कपड़े धोते हैं और गंदा पानी सीधे कुएं में चला जाता है, जिससे पानी दूषित हो रहा है।
इसी पानी का उपयोग पूरी मंडी में पीने के लिए किया जा रहा है, जिससे किसानों और व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है। दिनभर चलने वाली ट्यूबवेल से पानी भरकर आसपास के होटल संचालक भी इसे उपयोग में ले रहे हैं।
किसानों का कहना है कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो हालात गंभीर हो सकते हैं। उन्होंने आशंका जताई कि लापरवाही के कारण किसी बड़ी बीमारी का खतरा उत्पन्न हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कुएं की साफ-सफाई सुनिश्चित कर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की जाए और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।