उज्जैन। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह समारोह में शामिल होकर 112 नवदंपत्तियों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह समाज में समरसता, अपनत्व और सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 13 दिसंबर 2023 से अब तक 1.57 लाख से अधिक विवाह/निकाह इस योजना के तहत संपन्न कराए जा चुके हैं, जिन पर करीब 867 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। प्रत्येक जोड़े को 49 हजार रुपये की सहायता राशि और गृहस्थी का सामान भी प्रदान किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिले को करीब 58 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी, जिनमें सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए सड़क चौड़ीकरण, महाकाल लोक में शेड निर्माण, सरोवरों का पुनर्जीवन और अन्य अधोसंरचना कार्य शामिल हैं।
नगर निगम द्वारा आयोजित यह सामूहिक विवाह समारोह “जीरो वेस्ट इवेंट” के रूप में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, समाजजन एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।