खरगोन। जिले के कसरावद नगर एक बार फिर सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गरिमा का साक्षी बना, जब अखिल भारतीय राजपूत समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन के 30वें वर्ष का आयोजन अत्यंत भव्यता और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर 41 नवयुगलों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर अपने नए जीवन की शुरुआत की। पूरा आयोजन प्रेम, परंपरा और सामाजिक एकजुटता का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा।कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10 बजे श्री महाराणा प्रताप रिसॉर्ट के कॉलम के भूमि पूजन से हुई। लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह रिसॉर्ट आने वाले समय में क्षेत्र के सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा, जिससे कसरावद की पहचान और भी मजबूत होगी। समिति के अध्यक्ष श्री दशरथ सिंह पटेल ने अपने संबोधन में बताया कि इस आयोजन की सफलता के पीछे कार्यकर्ताओं का दो महीनों का निरंतर परिश्रम और समर्पण है। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की।समाज के वरिष्ठ सदस्य श्री कैलाश सिंह दरबार ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी समाजजनों का सहयोग और एकजुटता देखने योग्य रही, जो इस सम्मेलन की सबसे बड़ी ताकत है। यह आयोजन समाज की मजबूत नींव और आपसी भाईचारे का प्रतीक है।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कसरावद विधायक सचिन यादव एवं पूर्व विधायक आत्माराम पटेल ने सम्मेलन की 30 वर्षों की सतत परंपरा की सराहना करते हुए इसे समाज सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण बताया। उन्होंने सभी नवदंपत्तियों को शुभकामनाएं दीं।वहीं, वर्तमान विधायक श्री सचिन यादव ने इस आयोजन को निमाड़ अंचल के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए प्रस्तावित रिसॉर्ट के निर्माण हेतु 25 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की, जिस पर उपस्थित जनसमूह ने जोरदार स्वागत किया।कार्यक्रम के समापन पर समिति अध्यक्ष दशरथ सिंह पटेल ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और समाजजनों का आभार व्यक्त किया। उक्त कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अनुबाई तंवर ने भी वर वधू को आशीर्वाद दिया। एवं सफल आयोजन की सराहना की।