झाबुआ। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने आज विकासखंड थांदला स्थित मध्यप्रदेश स्टेट वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पाेरेशन के गोदाम परिसर में संचालित गेहूं उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर जारी खरीदी प्रक्रिया, किसानों की सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर को अवगत कराया गया कि केंद्र पर कुल 129 स्लॉट बुकिंग के विरुद्ध 72 स्लॉट पर गेहूं की खरीदी पूर्ण की जा चुकी है तथा शेष स्लॉट के अनुसार खरीदी कार्य प्रगति पर है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उपस्थित किसानों से संवाद कर उपार्जन प्रक्रिया में आ रही समस्याओं की जानकारी ली। इस पर किसानों ने बताया कि स्लॉट बुकिंग में किसी प्रकार की समस्या नहीं है तथा उपार्जन कार्य सुचारू रूप से संचालित हो रहा है।
कलेक्टर ने केंद्र पर किसानों के लिए आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से गर्मी के मौसम को देखते हुए छाया एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर के पहुंचने पर किसानों ने उत्साहपूर्वक उनका साफा पहनाकर स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्रसिंह चौहान, सहायक कलेक्टर आशीष कुमार, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व थांदला भास्कर गाचले सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।