नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले में 9 से 23 अप्रैल 2026 तक महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित 8वें पोषण पखवाड़े का समापन किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी अंकिता पंड्या ने बताया कि ‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ एवं ‘स्वस्थ बालक-बालिका’ की थीम पर आधारित इस 15 दिवसीय अभियान का उद्देश्य जन-आंदोलन के माध्यम से कुपोषण को समाप्त करना तथा पोषण के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाना था। इस दौरान जिले के सभी 1112 आंगनवाड़ी केंद्रों में विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया।
पखवाड़े के अंतर्गत योग सत्र, पोषण वाटिका (किचन गार्डन) निर्माण, स्वास्थ्य शिविर एवं एनीमिया जांच शिविर आयोजित किए गए। ‘स्वस्थ बालक-बालिका स्पर्धा’ के माध्यम से बच्चों के शारीरिक विकास की निगरानी हेतु उनका वजन एवं लंबाई मापी गई।
इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में मोटे अनाज (मिलेट्स) के महत्व तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप प्राप्त हुआ।