देवास। शहर के उज्जैन रोड स्थित इटावा क्षेत्र की पुष्प कुंज कॉलोनी में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। एक ही दिन में कुत्तों ने बुजुर्ग सहित दो बच्चों पर हमला कर दिया, जिससे क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार 64 वर्षीय कृष्ण कुमार अग्रवाल पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर घायल कर दिया। वहीं 9 वर्षीय निकिता और 12 वर्षीय कबीर भी कुत्तों का शिकार बने। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने दौड़कर तीनों को कुत्तों से बचाया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कर एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए।
रहवासियों का कहना है कि कॉलोनी में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने, नसबंदी अभियान तेज करने और कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए तुरंत कदम उठाए जाएं।