नीमच। थाना नीमच सिटी क्षेत्र में तिरुपति रेस्टोरेंट के पास हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को डायल-112 पुलिस जवानों की तत्परता से समय पर अस्पताल पहुंचाकर उपचार दिलाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 अप्रैल 2026 की रात करीब 8 बजे राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना मिली कि एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई है, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।
सूचना मिलते ही डायल-112 वाहन को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। वाहन में तैनात प्रधान आरक्षक संतोष नारेड़ा एवं पायलट दीपचंद मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पाया कि मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई थी, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
डायल-112 टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल को एफआरव्ही वाहन से जिला चिकित्सालय, नीमच पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से घायल को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी।