शिवपुरी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हेलमेट अनिवार्यता को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शिवपुरी पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा लगातार वाहन चेकिंग की जा रही है।
अभियान के तहत 26 अप्रैल 2026 से 10 मई 2026 तक जिलेभर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत आज यातायात पुलिस ने ग्वालियर बायपास क्षेत्र में वाहन चेकिंग लगाई और लगभग 500 दोपहिया वाहनों की जांच की।
चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों को रोककर उन्हें हेलमेट पहनने के लिए समझाइश दी गई तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि हेलमेट न पहनने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी और गंभीर मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई भी प्रस्तावित है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह अभियान पूरे जिले में लगातार जारी रहेगा, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।