देवास। जिले के ग्राम नेवरी फाटा में हाल ही में हुई भीषण आग की घटना से प्रभावित परिवार मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और अपनी पीड़ा प्रशासन के सामने रखी।
पीड़ितों ने बताया कि कुछ दिन पहले झुग्गियों में अचानक आग लग गई, जिसमें घर में रखी करीब 9 लाख रुपये की नकद बचत सहित पूरा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। हादसे के बाद हालात इतने खराब हो गए कि परिवारों को चार दिनों तक ठीक से भोजन भी नसीब नहीं हुआ।
जनसुनवाई में पीड़ितों ने आर्थिक सहायता और नुकसान की भरपाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल राहत राशि प्रदान करते हुए भोजन की व्यवस्था के लिए आर्थिक मदद दी।
साथ ही कलेक्टर ने आश्वासन दिया कि आग में आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त नोटों को बैंक प्रक्रिया के माध्यम से बदलवाने की कार्रवाई भी शुरू करवाई जाएगी।
पीड़ित परिवारों ने प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई पर आभार जताते हुए जल्द और व्यापक राहत मिलने की उम्मीद व्यक्त की।