नीमच। जिले के मनासा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिपल्यारूंडी में कथित जहर प्रकरण को लेकर नया मोड़ सामने आया है। दीपक बंजारा एवं उनके परिजनों ने स्वयं को झूठे मामले में फंसाए जाने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
प्रार्थियों का कहना है कि विपक्षी पक्ष द्वारा जहर सेवन का नाटक कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है, जबकि जिला चिकित्सालय से प्राप्त मेडिकल रिपोर्ट में जहर खाने की पुष्टि नहीं हुई है।
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि उन्हें बदनाम करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया तथा अन्य माध्यमों से भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है। साथ ही दबाव बनाकर रुपए की मांग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
प्रार्थियों ने प्रशासन से मांग की है कि मेडिकल रिपोर्ट एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर झूठे मामले का खुलासा किया जाए तथा दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पूर्व किरण के पीहर पक्ष द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर दीपक एवं उसके परिजनों पर प्रताड़ना तथा भोजन में जहर देने के आरोप लगाते हुए ज्ञापन सौंपा गया था। अब मामले में दोनों पक्षों के आरोपों के बाद प्रशासनिक जांच की मांग तेज हो गई है।